बंद करना

    राजभाषा

    राजभाषा : एक परिचय

    राजभाषा किसी राज्य अथवा देश की घोषित भाषा होती है जोकि सभी राजकीय प्रयोजन अर्थात सरकारी काम-काज में प्रयोग होती है | मात्रभाषा या जनभाषा का निर्णय राजाज्ञा से नहीं होता अपितु शासन के कामकाज की भाषा (राजभाषा) का निर्णय संविधान ,अधिनियम , नियम, आदेशों के द्वारा होता है |

    भारत में संविधान की धारा 343 (1) के अनुसार भारतीय संघ की राजभाषा हिन्दी एवं लिपि देवनागरी है | इसका निर्णय 14,सितम्बर 1949 को हुआ जब हिन्दी को संविधान सभा ने राजभाषा के रूप में अंगीकार किया , इसी के उपलक्ष में प्रतिवर्ष 14,सितम्बर हिन्दी दिवस के रूप में मनाया जाता है |

    भारतवर्ष में हिन्दी को यह दर्जा दिए जाने के पीछे एक सशक्त कारण था क्योंकि यह सबसे अधिक नागरिकों के संवाद का माध्यम है | यह जन-सामान्य की भाषा है एवं प्रभावी सम्प्रेषण का आधार है | हिन्दी विश्व की तीसरी सबसे अधिक बोली जाने वाली भाषा है |

    भारतीय संविधान के अनुच्छेद -344 में वर्णित प्रावधानों के अनुसरण में वर्णित राजभाषा हिन्दी के प्रचार ,प्रसार एवं संवर्धन के लिए भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा एक राजभाषा आयोग की स्थापाना की गयी | भारत की संसद द्वारा राजभाषा के प्रवाह को और अधिक सुगम एवं सरल बनाने के लिए राजभाषा अधिनियम 1963 को पारित किया गया | तदुपरांत राजभाषा संकल्प – 1968 एवं राजभाषा नियम 1976 भी जारी किये गए | साथ ही यह व्यवस्था की गयी की प्रतिवर्ष राजभाषा विभाग , गृह मंत्रालय द्वारा राजभाषा वार्षिक कार्यक्रम जारी किया जाए एवं उनमें निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने हेतु सभी को प्रेरित एवं लक्ष्योंन्मुख व्यवहार को उर्जान्वित करने हेतु हरसंभव प्रयास किये जाएँ|

    केन्द्रीय विद्यालय संगठन रायपुर संभाग राजभाषा विभाग , गृह मंत्रालय भारत सरकार एवं केन्द्रीय विद्यालय संगठन (मुख्यालय),नई दिल्ली द्वारा राजभाषा के सम्बन्ध में दिए जाने वाले सभी दिशा –निर्देशों को पूरी तत्परता के साथ क्रियान्वित करने एवं रायपुर संभाग के अधीनस्थ विद्यालयों में राजभाषा नीति की अक्षरश: अनुपालना सुनिश्चित करने हेतु संकल्पित हैं |
    क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर में एक विभागीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति का गठन किया गया है जिसकी अध्यक्षता कार्यालय प्रमुख द्वारा की जाती है | साथ ही यह कार्यालय नराकास रायपुर का भी सदस्य है जिसकी बैठकों में कार्यालय प्रमुख नियमित रूप से भाग लेते है |